ग्रेटर नोएडा , मई 30 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान तथा अवैध शस्त्र भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि,पुलिस ने इन्हें 29/30 मई की रात ओमीक्रोन-तृतीय सर्विस रोड और एलएंडटी सर्विस रोड, साकीपुर के पास से गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। यह गिरोह नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में बंद पड़े मकानों, निर्माणाधीन मकानों और दुकानों की रेकी करता था। मौका मिलते ही यह लोग वहां घुसकर बिजली फिटिंग का सामान और तार चोरी कर लेते थे।
जांच में पता चला कि उत्तम, दीपेश और गौरव ने 30 जनवरी को जैतपुर गांव स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान से बिजली के तार चोरी किए थे। चोरी किए गए तारों को जलाकर उससे लगभग चार किलोग्राम तांबा निकाल लिया गया था, जिसे बेचने की तैयारी की जा रही थी। इस मामले में थाना सूरजपुर में पहले से मुकदमा दर्ज था। जांच में यह भी सामने आया कि दीपक भाटी, रोहित भाटी उर्फ रैन्चो, सूरज और रोहित ने मिलकर 19 मई को साकीपुर गांव निवासी एक महिला को अपनी बातों में फंसाकर उसके गले से सोने की चेन चोरी कर ली थी। दीपक और रोहित उर्फ रैन्चो पीड़िता के परिचित और रिश्तेदार होने के कारण महिला उन पर भरोसा कर बैठी। बाद में चोरी का पता चलने पर पीड़िता की शिकायत पर थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में गौरव, उत्तम, रोहित पुत्र रामवीर और दीपेश के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
गौरव के खिलाफ 12 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने के मामले शामिल हैं। वहीं उत्तम के खिलाफ सात, रोहित पुत्र रामवीर के खिलाफ छह तथा दीपेश के खिलाफ तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अन्य आरोपी दीपक, रोहित उर्फ रैन्चो और सूरज के खिलाफ भी वर्तमान चोरी के मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
सूरजपुर थाना पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इनके द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच की जा रही है। बरामद सामान और अवैध शस्त्रों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित