ग्रेटर नोएडा , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गौकशी के मामले में वांछित आरोपी मेहताब पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

मंगलवार को पुलिस द्वारा मुठभेड़ की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सोमवार देर रात दनकौर थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-18, पॉकेट-5सी पार्क के पास एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के पास चार संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल की पहचान मेहताब पुत्र मेहरबान, निवासी ग्राम दौला रजपुरा, दनकौर थाना, ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई। उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 21 जुलाई को गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में दनकौर थाना में गौवध निवारण अधिनियम के तहत पहले से मामला दर्ज है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक चोरी की बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिल, मेफेन्टरमाइन सल्फेट और लिग्नोकेन हाइड्रो क्लोराइड इंजेक्शन, चार सील पैक सिरिंज, दो चापड़, चार छुरियां, चार प्लास्टिक की रस्सियां तथा चार प्लास्टिक के कट्टे बरामद किए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी मेहताब के खिलाफ दनकौर थाना में वर्ष 2019 में भी गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2026 में दर्ज गौकशी के मामले में भी वह आरोपी है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित