ग्रेटर नोएडा , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रॉयल सिटी, अच्छेजा गांव छपरौला में गुरुवार देर शाम एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान जीवन किशोर (50) पुत्र रामदास के रूप में हुयी है। वह जिला फर्रुखाबाद के कासगंज का रहने वाला है। इलाके में इस घटना के बाद सनसनी फैल गई।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात को सूचना मिली कि रॉयल सिटी में रहने वाले जीवन किशोर को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायल जीवन के अस्पताल पहुचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन कर दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक के पड़ोसी विशाल कश्यप और उसके साथी विक्की का नाम सामने आया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, थाना बादलपुर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित