ग्रेटर नोएडा , मार्च 17 -- ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का पहला कैंपस शुरू होने जा रहा है। यह कैंपस उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण परिसर स्थित टावर-दो की तीन मंजिलों (छठी, सातवीं और आठवीं) पर स्थापित किया जाएगा। यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों ने जल्द ही कैंपस के निर्माण और संचालन की प्रक्रिया शुरू करने के संकेत दिए हैं।

यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-16बी स्थित मैक्स टावर में आयोजित कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को परफॉर्मेंस गारंटी से जुड़े दस्तावेज सौंपे। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी की प्रॉपर्टी एंड कमर्शियल ऑफिसर मैरियन जॉन्स समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल सहित कई अधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्राधिकरण के इस कदम से ग्रेटर नोएडा को ग्लोबल एजुकेशन और इनोवेशन हब के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। साथ ही उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री के विजन को भी मजबूती मिलेगी।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के नेतृत्व में इस अंतरराष्ट्रीय कैंपस को जल्द से जल्द शुरू कराने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जा रहा है।

यूनिवर्सिटी प्रतिनिधियों ने कहा, ग्रेटर नोएडा कैंपस में सस्टेनेबिलिटी, वॉटर मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बिजनेस इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर की शिक्षा, शोध और इंडस्ट्री से जुड़ा अध्ययन कराया जाएगा।

कैंपस के पहले चरण में शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू करने की योजना है,बिजनेस एनालिटिक्स,मार्केटिंग,डेटा साइंस,सस्टेनेबल वॉटर फ्यूचर्स,एग्रीकल्चर,इसके बाद दूसरे चरण में इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप और सप्लाई चेन मैनेजमेंट से जुड़े कोर्स शुरू किए जाएंगे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि वेस्टर्न सिडनी यूनिवर्सिटी का कैंपस खुलना इस बात का प्रमाण है कि ग्रेटर नोएडा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित