ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक प्रथम थाना क्षेत्र में रविवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक स्कॉर्पियो कार में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
रविवार को पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया, मृतक की पहचान पी-4 क्षेत्र निवासी राहुल बिधूड़ी (30) के रूप में हुई है, जो पेशे से एक किराना व्यापारी थे और इलाके में उनकी ग्रॉसरी की दुकान थी।
रविवार शाम करीब 4:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कोफोर्ज कंपनी के पास घरबरा गांव के समीप एक स्कॉर्पियो गाड़ी संदिग्ध हालत में खड़ी है। सूचना मिलते ही इकोटेक-प्रथम कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि गाड़ी की ड्राइवर सीट पर एक युवक मृत अवस्था में बैठा हुआ है। मौके का दृश्य संदिग्ध था, जिसके चलते तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम को सूचित किया गया।
पुलिस जांच में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए,मृतक के हाथ में एक पिस्टल बरामद हुई,पिस्टल में एक खोखा कारतूस फंसा हुआ था,गाड़ी के शीशे पर गोली निकलने का स्पष्ट निशान पाया गया।
इन शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का मानना है कि युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि, इसे अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने कार और आसपास से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित