ग्रेटर नोएडा , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक तृतीय थाना क्षेत्र अंतर्गत वैदपुरा गांव में बुधवार देर शाम एक युवक की अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ करीब छह गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान दीपक नागर पुत्र अशोक नागर निवासी वैदपुरा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित