ग्रेटर नोएडा , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा ईकोटेक प्रथम थाना क्षेत्र के लुक्सर गांव में मंगलवार को आपसी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने आज घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रेटर नोएडा लुक्सर गांव निवासी नितिन पुत्र फिरे पर पुरानी रंजिश के चलते सचिन और उसके अन्य साथियों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मय बल मौके पर पहुंचे , फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा मृतक के परिजनों के तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए त्वरित कार्रवाई की और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस बल तैनात कर एहतियात बरता जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित