ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वैदपुरा गांव और खोदना कलां गांव में बन रहे निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति बनाए जा रहे इन बहुमंजिला भवनों पर प्राधिकरण ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की, जिससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।

शनिवार को प्राधिकरण कार्यालय से विज्ञप्ति साझा करते हुए यह जानकारी दी गई, जिसमें बताया गया कि, यह कार्रवाई प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ सुमित यादव की निगरानी में वर्क सर्किल-2 की टीम द्वारा की गई। प्राधिकरण के महाप्रबंधक (परियोजना) ए.के. सिंह ने बताया कि वैदपुरा गांव के खसरा संख्या 332, 333, 334 और 615 पर अवैध रूप से बहुमंजिला भवनों का निर्माण किया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ प्रबंधक नरोत्तम सिंह के नेतृत्व में मैनेजर रोहित गुप्ता व टीम ने मौके पर पहुंचकर पुलिस बल के साथ इन भवनों को सील कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित