ग्रेटर नोएडा 05 (वार्ता) उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर की ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गांव रोहिल्लापुर के डूब क्षेत्र में गुरुवार को अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर करीब अठारह हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बताया कि क्षेत्र में अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अभियान को पुलिस बल की मौजूदगी में परियोजना विभाग और भूलेख विभाग की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

प्राधिकरण अधिकारियों ने कहा कि डूब क्षेत्र और अधिसूचित जमीन पर किसी भी तरह का निर्माण पूरी तरह अवैध है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। कार्रवाई के बाद प्राधिकरण ने अवैध निर्माण करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए आम लोगों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की पूरी जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

प्राधिकरण के अनुसार पिछले पंद्रह दिनों में अतिक्रमण के खिलाफ पांच बड़ी कार्रवाई की जा चुकी हैं और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाने का संकेत दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित