ग्रेटर नोएडा , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र दादरी के ब्रह्मपुरी गेट के पास शनिवार सुबह एक मकान की तीसरी मंजिल पर बने खुले कमरे में आग लगने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह लगभग 7:24 बजे ब्रह्मपुरी गेट के पास आग लगने की सूचना दादरी दमकल विभाग को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन यूनिट दादरी घटनास्थल के लिए रवाना हुई और कुछ ही समय में मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि एक मकान की तृतीय मंजिल पर स्थित खुले कमरे में आग लगी हुई थी। कमरे में लकड़ी का सामान, पुराने वेस्टेज आइटम तथा अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैलने लगी थी।
अग्निशमन टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकते हुए पूर्ण रूप से बुझा दिया। अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने कहा कि, इस घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि या चोटिल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से मकान के अन्य हिस्सों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर टीम नहीं पहुंचती तो आग और अधिक फैल सकती थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित