ग्रेटर नोएडा , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा बुलडोजर अभियान चलाया।

इस दौरान भनौता गांव में बीस करोड़ रूपये कीमत की करीब दस हजार वर्ग मीटर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा था। कई बार नोटिस जारी करने और चेतावनी देने के बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर चलाने का फैसला लिया।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्राधिकरण की टीम मौके पर मौजूद रही, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। बुलडोजर की मदद से अवैध दीवारों, पक्के निर्माण और अन्य संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि कब्जा मुक्त कराई गई जमीन की बाजार कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जा रही है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि आगे भी अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित