ग्रेटर नोएडा , मई 27 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा स्थित जारचा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि, जारचा थाना पुलिस बुलंदशहर बॉर्डर स्थित समाना नहर के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सामने से बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश शहजाद के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
घायल बदमाश की पहचान शहजाद पुत्र अकबर निवासी ग्राम कलौंदा, थाना जारचा, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ बुलंदशहर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ और रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी के खिलाफ बुलंदशहर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, अवैध हथियार रखने और गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब 17 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक नेटवर्क और साथियों की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित