ग्रेटर नोएडा पश्चिम , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा पश्चिम की एक रिहायशी सोसायटी में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हिमालय प्राइड सोसायटी के एक टावर में रहने वाली महिला करीब बीस मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही। इस दौरान लिफ्ट का पंखा बंद होने से अंदर घुटन जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिससे महिला की हालत बिगड़ने लगी।
सोमवार के दिन घटना सामने आई जब महिला अपने फ्लैट की ओर जा रही थी। इसी दौरान लिफ्ट बीच रास्ते में अचानक रुक गई और महिला अंदर ही फंस गई। उसने तुरंत मदद के लिए कॉल और अलार्म का सहारा लिया, लेकिन लिफ्ट में वेंटिलेशन और पंखा बंद होने के कारण हालात तेजी से खराब होने लगे।
सूचना मिलने के बाद सोसायटी की मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची और करीब बीस मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक महिला घबराहट और घुटन के कारण काफी परेशान हो चुकी थी।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी सोसायटी में बारह लोग एक साथ लिफ्ट में फंस चुके हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने निवासियों में डर और नाराजगी दोनों बढ़ा दी है।
सोसायटी के लोगों ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लिफ्ट का नियमित मेंटेनेंस नहीं किया जा रहा और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। निवासियों के मुताबिक, इतनी बड़ी हाईराइज सोसायटी में इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे को जन्म दे सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित