ग्रेटर नोएडा पश्चिम , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र के ग्रेटर नोएडा पश्चिम की हाईराइज सोसाइटियों में निर्माण गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रॉयल नेस्ट सोसाइटी के एक फ्लैट में अचानक छत का प्लास्टर भरभरा कर नीचे गिर गया। घटना के समय कमरे में मौजूद एक युवक बाल-बाल बच गया, हालांकि उसके सामने रखे लैपटॉप और मोबाइल फोन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

मंगलवार शाम को हुए घटनाक्रम में बताया जा रहा कि युवक कमरे में बैठकर अपना ऑफिस का काम कर रहा था, तभी अचानक छत के प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे से फ्लैट में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि मलबा सीधे युवक के ऊपर नहीं गिरा, जिससे उसकी जान बच गई लेकिन उसकी टेबल पर रखा लैपटॉप और मोबाइल फोन मलबे की चपेट में आकर चकनाचूर हो गए।

हादसे के तुरंत बाद पीड़ित युवक ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। वायरल हो रहे वीडियो में कमरे की छत का टूटा हुआ हिस्सा और फर्श पर फैला मलबा साफ दिखाई दे रहा है। युवक ने वीडियो के माध्यम से बिल्डर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

सोसाइटी में रहने वाले अन्य निवासियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं हाईराइज इमारतों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने बिल्डर और प्रबंधन से मामले की जांच कराकर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि बिल्डर की ओर से अभी कोई बयान सामने नहीं आया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित