ग्रेटर नोएडा , मई 09 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन छात्रावास में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।
पुलिस ने हत्या के आरोपी अभिषेक कुमार (24) को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आठ मई को निर्माणाधीन छात्रावास में माली का काम कर रहे दो श्रमिकों शीशपाल और इन्द्र उर्फ धर्मेन्द्र की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसका शीशपाल से पुराना विवाद चल रहा था। शीशपाल के उसकी मृत बहन से संबंध थे, जिसको लेकर वह उसे लगातार ताने देता था। इन्द्र उर्फ धर्मेन्द्र भी शीशपाल का साथ देता था और दोनों उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
वह पहले से दोनों की हत्या की योजना बनाकर ग्रेटर नोएडा आया था। तीनों छह मई को निर्माणाधीन छात्रावास में माली का काम करने पहुंचे थे। कल रात उसने दोनों को शराब पिलाई, जबकि खुद कम शराब पी ताकि होश में रह सके।
जब दोनों नशे में सो गए तो आरोपी ने फावड़े से शीशपाल के सिर और शरीर पर कई वार किए। इसी दौरान इन्द्र उर्फ धर्मेन्द्र जाग गया, जिसके बाद आरोपी ने उस पर भी ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने आज गुर्जरपुर रेलवे लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर आरोपी की घेराबंदी की और मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
आरोपी जयभीमनगर, गढ़ रोड, थाना भावनपुर, जिला मेरठ का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही आयुध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित