ग्रेटर नोएडा , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित डेल्टा-02 श्मशान घाट पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लगभग 30 वर्षीय राहुल के रूप में हुयी है वह साकीपुर गांव निवासी सूरजपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था।

सूचना मिलने पर सूरजपुर थाना पुलिस, पीआरवी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मृतक के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं, जबकि हाथों पर खून लगा हुआ था।

परिजनों ने सोमवार को पुलिस को बताया कि राहुल पिछले कुछ समय से पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था और नशे की लत से भी परेशान था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य संकलन किया गया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

थाना सूरजपुर पुलिस का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित