ग्रेटर नोएडा , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र के ग्रेटर नोएडा पश्चिम स्थित ला रेजिडेंशिया सोसाइटी में रहने वाले निवासियों ने सोमवार को बिल्डर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
सोसाइटी के सैकड़ों निवासी बिल्डर प्रबंधन की कथित उदासीनता और लंबे समय से लंबित रखरखाव से जुड़ी समस्याओं को लेकर आज परिसर में एकत्र हुए और उन्होंने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान निवासियों का कहना है कि रविवार से शुरू हुआ यह विरोध आज भी जारी रहा, जहां बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और युवाओं ने सोसाइटी के मुख्य गेट और कॉमन एरिया में इकट्ठा होकर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिल्डर प्रबंधन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है, जिससे उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सोसाइटी में लंबे समय से कई बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं। कई टावरों की लिफ्ट अक्सर खराब रहती हैं, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले बुजुर्गों और बच्चों को काफी दिक्कत होती है। इसके अलावा सीवेज सिस्टम में बार-बार गड़बड़ी होने से बदबू और गंदगी की समस्या भी बनी रहती है।
लोगों का यह भी आरोप है कि सोसाइटी में पार्किंग व्यवस्था अव्यवस्थित है, नियमित साफ-सफाई नहीं होती और कॉमन एरिया का रखरखाव भी ठीक से नहीं किया जा रहा। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निवासी असंतुष्ट हैं और उनका कहना है कि पर्याप्त गार्ड और निगरानी व्यवस्था नहीं होने से सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
प्रदर्शन में शामिल निवासियों ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर वे कई बार बिल्डर और प्रबंधन को लिखित शिकायतें दे चुके हैं। सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप और बैठक में भी मुद्दे उठाए गए लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि लंबे समय से समस्या बने रहने के कारण उन्हें मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा है, ताकि उनकी आवाज प्रशासन और संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सके।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे मामले की शिकायत ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण से करेंगे। साथ ही जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा।
फिलहाल विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और निवासी बिल्डर से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं। वहीं इस पूरे मामले में बिल्डर प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित