ग्रेटर नोएडा , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र के ग्रेटर नोएडा स्थित चेरी काउंटी सोसाइटी में बिजली मीटर रिचार्ज को लेकर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। सोसाइटी के मेंटेनेंस कार्यालय में तैनात एक अकाउंट एग्जीक्यूटिव पर फ्लैट मालिकों से ली गई रिचार्ज राशि में हेराफेरी कर रकम गबन करने का आरोप लगा है।
इस मामले में पीड़ितों की शिकायत पर बिसरख थाना में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सोसाइटी प्रबंधन द्वारा गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया गया, चेरी काउंटी सोसाइटी में कई फ्लैट मालिकों ने मेंटेनेंस कार्यालय के माध्यम से अपने बिजली मीटर रिचार्ज कराए थे। आरोप है कि अकाउंट एग्जीक्यूटिव ने फ्लैट मालिकों से नकद और ऑनलाइन माध्यम से रिचार्ज के लिए रकम तो ले ली, लेकिन कई मामलों में वह राशि मीटर में रिचार्ज नहीं की गई। बाद में जब फ्लैट मालिकों के मीटर बंद होने लगे या बैलेंस चेक किया गया, तब इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ।
पीड़ित निवासियों का कहना है कि उन्होंने समय पर भुगतान कर दिया था लेकिन मीटर में रिचार्ज नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने जब मेंटेनेंस कार्यालय से जानकारी ली तो पता चला कि उनके नाम पर जमा की गई रकम सिस्टम में दर्ज ही नहीं है। इसके बाद कई फ्लैट मालिकों ने मिलकर पूरे मामले की जांच की मांग की।
सोसाइटी प्रबंधन की ओर से भी मामले को गंभीरता से लिया गया है। प्रारंभिक जांच में रिचार्ज से जुड़ी रकम में गड़बड़ी की आशंका सामने आने के बाद संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही सोसाइटी के रिकॉर्ड और भुगतान विवरण की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कुल कितनी राशि का गबन हुआ है और कितने फ्लैट मालिक प्रभावित हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित