ग्रेटर नोएडा , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एटीएस प्रिस्टीन सोसाइटी में एक 19 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने सोमवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, घटना की सूचना पुलिस को डॉयल-112 के माध्यम से मिली, जिसके बाद नॉलेज पार्क थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान सोनम, पुत्री रामपाल सिंह, मूल निवासी ग्राम बासखेड़ा, थाना अटरिया, जनपद सीतापुर के रूप में हुई। पुलिस की जांच में सोनम पिछले करीब एक वर्ष से एटीएस प्रिस्टीन सोसाइटी के एक फ्लैट में घरेलू सहायिका के रूप में कार्य कर रही थी। वह फ्लैट मालिक प्रशांत सिंह और उनकी पत्नी के साथ फ्लैट के सर्वेंट रूम में रहती थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोनम ने रविवार देर रात या सोमवार तड़के अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नॉलेज पार्क थाना पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित