ग्रेटर नोएडा , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा सूरजपुर जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को वकीलों ने जोरदार हंगामा करते हुए हड़ताल कर दी।
वकीलों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अदालत परिसर से पुलिसकर्मियों को बाहर निकाल दिया। वकीलों का आरोप है कि बिसरख पुलिस ने एक अधिवक्ता के साथ मारपीट की और उसे अवैध रूप से थाने में बंद रखा।
हाल ही में एक अधिवक्ता को देर रात उसके घर से उठाकर थाने ले जाने और उसके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया था।
वकीलों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना उचित कारण के अधिवक्ता को हिरासत में लिया और थाने में उसके साथ मारपीट की। इस घटना से नाराज वकीलों ने कोर्ट परिसर में कामकाज ठप कर दिया और पुलिसकर्मियों को परिसर से बाहर जाने को मजबूर कर दिया।
मामले के तूल पकड़ने के बाद विभागीय कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि वकीलों का कहना है कि केवल निलंबन से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जानी चाहिए।
विरोध प्रदर्शन के चलते अदालत परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में वकील धरने पर बैठ गए और न्यायिक कार्य से दूरी बना ली, जिससे कई मामलों की सुनवाई प्रभावित हुई।
वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि अधिवक्ता के साथ हुई घटना में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासन स्थिति को शांत कराने के प्रयास में जुटा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित