ग्रेटर नोएडा , जून 13 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में स्थित एक बालिका छात्रावास में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक 19 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर छात्रावास की इमारत से कूदकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को अपने अधीन लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर ली है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
मृतका का नाम पारुल है। वह मेरठ के बाफर गांव में अपने पति सौरभ चौधरी के साथ रहती थी। प्राथमिक जांच में जानकारी प्राप्त हुई कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इसी कारण महिला के आत्मघाती कदम उठाए जाने की आशंका जतायी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गये हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित