ग्रेटर नोएडा , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा जारचा थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में दो सहोदर भाई-बहन की मौत हो गयी।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया गत 28 फरवरी को जारचा थाना क्षेत्र के ग्राम बिसाहड़ा स्थित चादर कंपनी के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार नवीन (32) और उनकी बहन प्रियांशी (18) की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जारचा थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से फरार चल रहे आरोपी को मंगलवार के दिन वीरपुरा की झाल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार शख्स की पहचान यतेन्द्र सिंह (48), निवासी ग्राम वीरपुरा, थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। वह हादसे के समय ट्रैक्टर चला रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर ट्रॉली बरामद कर लिया है और मामले के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। जिसमें दो युवा जिंदगियां एक पल की लापरवाही की भेंट चढ़ गईं। पुलिस कानूनी कार्यवाही में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित