चंडीगढ़ , जुलाई 08 -- हरियाणा सरकार ने विज्ञापन संख्या 04/2018 के तहत भर्ती हुए ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए 'कॉमन कैडर' के अंतर्गत 'वन-टाइम ऑप्शन' भरने की समय-सीमा बढ़ा दी है।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, कर्मचारी अब 13 जुलाई से 27 जुलाई तक ऑनलाइन पोर्टल के जरिये अपना विकल्प दर्ज कर सकेंगे। इससे पहले सरकार ने इसके लिए छह जुलाई से 20 जुलाई तक का समय तय किया था।

सरकार ने विज्ञापन संख्या 04/2018 के तहत नियुक्त सभी पात्र ग्रुप-डी कर्मचारियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए नयी तय तिथि के भीतर ऑनलाइन पोर्टल पर अपना विकल्प अनिवार्य रूप से भर दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित