बिलासपुर , जून 15 -- छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद सोमवार से नियमित न्यायिक कार्यवाही शुरू हो गयी। न्यायालय प्रशासन ने 15 जून से प्रारंभ होने वाले सप्ताह के लिए कॉज लिस्ट भी जारी कर दी है, जिसके अनुसार विभिन्न मामलों की सुनवाई निर्धारित पीठों के समक्ष होगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अवकाश अवधि के दौरान लागू की गई घर से कार्य करने की व्यवस्था समाप्त कर दी गयी है। इसके साथ ही सभी न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा कर्मचारी अब नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

उच्च न्यायालय प्रशासन ने ईंधन संरक्षण तथा उपलब्ध संसाधनों के अधिक प्रभावी उपयोग को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से वाहन साझा (व्हीकल शेयरिंग) व्यवस्था अपनाने का आग्रह किया है। इसके तहत कर्मचारियों को यथासंभव साझा परिवहन का उपयोग कर कार्यालय आने की सलाह दी गई है। नियमित सुनवाई बहाल होने के साथ ही लंबित मामलों की सुनवाई की प्रक्रिया भी सामान्य रूप से संचालित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित