सिरसा , मार्च 06 -- हरियाणा में सिरसा लोकसभा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को पंचायत भवन में आयोजित 'दिशा' बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था और सिविल अस्पताल के सामने स्थित ग्रीन बेल्ट को डंपिंग प्वाइंट में तब्दील किये जाने पर अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जतायी।उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ग्रीन बेल्ट में कचरा डालना है, तो फिर पंचायत भवन के पार्क को ही डंपिंग प्वाइंट बना दिया जाये। सुश्री सैलजा ने कहा कि ग्रीन बेल्ट का उद्देश्य शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाना होता है, लेकिन उसे कचरा फेंकने की जगह बना देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिया कि वहां से तुरंत कचरा हटाकर दोबारा ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किया जाये।

बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों में फैल रही गंदगी और सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या पर भी चिंता जतायी गयी। सांसद ने अधिकारियों से सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार करने और सीवरेज समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में रेलवे परियोजनाओं की धीमी गति का मुद्दा भी उठाया गया। निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज का कार्य अब तक करीब 50 प्रतिशत ही पूरा होने पर सैलजा ने अधिकारियों से जवाब मांगा और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।

इसके अलावा कोर्ट रोड पर बन रहे रेलवे अंडरब्रिज के कारण यातायात पर पड़ रहे प्रभाव को देखते हुए लंबित सीवरेज कार्य जल्द पूरा करने के लिए कहा गया।

बैठक में नहरी पानी की कमी, पेयजल की गुणवत्ता और सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा संसाधनों की कमी जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सांसद ने संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये। राष्ट्रीय राजमार्ग के नालों की सफाई नहीं होने पर राजमार्ग विभाग के अधिशाषी अभियंता को भी फटकार लगायी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित