अहमदाबाद, अप्रैल 18 -- कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ हार के बाद कहा है कि "कैमरन ग्रीन की पारी को कम नहीं आंकना चाहिए"यह कहना ज़रूरी था क्योंकि ग्रीन लगातार आलोचना के घेरे में थे। उन्हें बड़ी रक़म देकर केकेआर की टीम में शामिल किया गया था, लेकिन प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। हालांकि अहमदाबाद में शुक्रवार को उन्होंने पूरी कोशिश की। नंबर चार पर बल्लेबाज़ी करते हुए उन्होंने 55 गेंदों पर 79 रन बनाए। यह ऐसी पारी थी जो अक्सर मैच नहीं जिताती। आख़िरी चार ओवर में उन्होंने 11 गेंदों पर सिर्फ़ चार रन बनाए और मैच केकेआर हार गया। फिर भी इस पारी ने टीम और ग्रीन दोनों के लिए कुछ उम्मीद जरूर जगाई।

रहाणे ने मैच के बाद प्रेस कांफ़्रेंस के दौरान कहा, "जब हम 32 रन पर तीन विकेट खो चुके थे, तब उन्होंने जिस तरह काउंटर अटैक किया, वह शानदार था। उन्होंने समय लिया, जो आसान नहीं होता, ख़ासकर जब टीम और खिलाड़ी दोनों दबाव में हों। उनकी हिम्मत काबिले तारीफ थी।"यह पारी इसलिए और अहम थी क्योंकि इससे पहले ग्रीन ने पांच पारियों में सिर्फ़ 56 रन बनाए थे और इसके कारण वह लगातार आलोचनाओं का शिकार हो रहे थे। इस मैच में आठ ओवर के बाद वह 14 गेंदों पर सिर्फ़ आठ रन बनाकर खेल रहे थे और केकेआर का स्कोर 59 पर तीन विकेट था। 12वें ओवर में राशिद ख़ान के ख़िलाफ़ एक छक्का और एक चौका लगाने के बाद ही उनका स्ट्राइक रेट 100 के पार गया। इसके बाद उन्होंने तेज़ी से रन बटोरे, लेकिन आख़िर में उनकी रफ़्तार फिर धीमी हो गई और टीम एक औसत स्कोर तक ही पहुंच सकी।

अंबाती रायडू ने ग्रीन की पारी और टीम के बीच संवाद की कमी पर सवाल उठाए। रायुडू ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के टाइमआउट शो में कहा, "वह गेंद की रफ़्तार का बेहतर इस्तेमाल कर सकते थे। वह ज़बरदस्ती शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे। जब गेंद मूव कर रही हो, तो बैकफु़ट पर खेलना बेहतर होता है। प्वाइंट और कवर के ज़रिए रन बनाए जा सकते थे।"उन्होंने कहा,"टी20 में भी साझेदारी अहम होती है। आप अकेले बल्लेबाज़ी नहीं कर सकते। यहां हर बल्लेबाज़ अपने हिसाब से खेलता दिखा। कोई भी नॉन स्ट्राइकर जाकर बात नहीं कर रहा था कि कैसे इस फेज को पार करना है या किस गेंदबाज को टारगेट करना है।"16वें और 17वें ओवर में ग्रीन ने एक भी गेंद का सामना नहीं किया। 18वें ओवर में पहली गेंद पर सिंगल लिया और फिर स्ट्राइक नहीं मिली। 19वें ओवर में भी यही हुआ। जब आख़िर में उन्हें स्ट्राइक मिली, तब भी वह सिर्फ़ एक-एक रन ही बना सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित