नयी दिल्ली , अक्टूबर 20 -- पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सहयोग से डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया ने मंगलवार से आठ नवंबर तक राष्ट्रव्यापी ग्रीन दिवाली अभियान शुरू कर दिया है, जिसके तहत नागरिकों से पटाखे नहीं जलाने और स्वच्छ एवं हरित दिवाली मनाने की अपील की गई है।

मंत्रालय ने आज यहां बताया कि डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया के प्रोग्राम सेंटर-रिसोर्स पार्टनर (पीसी-आरपी) की ओर से चलायाजा रहा यह अभियान मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) के अनुरूप है। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और स्थानीय समुदायों तक पहुंच बनाई जाएगी। इसमें राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत आने वाले 130 शहरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

अभियान में भाग लेने वाले स्कूलों, कॉलेजों, ईआईएसीपी केंद्रों, सामुदायिक समूहों और व्यक्तियों से अपनी गतिविधियों का विवरण ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से साझा करने का अनुरोध किया गया है।

प्रतिभागियों से इसके लिए वेबसाइट में जानकारी जमा करने को कहा गया है और जमा करते समय संस्थान या संगठन का नाम और स्थान, गतिविधि का विवरण और तारीख, संकल्प लेने वाले प्रतिभागियों की संख्या, जियो-टैग की गई तस्वीरें और संक्षिप्त रिपोर्ट शामिल करनी होगी। चयनित प्रविष्टियों को ईआईएसीपी की वेबसाइटों और सोशल मीडिया मंचों पर प्रदर्शित किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित