चंडीगढ़ , मई 27 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि राज्य सरकार खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों की ग्राम स्तर पर पहचान कर उन्हें उनकी पसंद के खेल के अनुसार प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि स्कूल और खेल विभाग मिलकर इस योजना को लागू करेंगे।

हरियाणा विजन-2047 के तहत खेल विभाग की समीक्षा बैठक में श्री सैनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूल परिसरों का उपयोग खेल गतिविधियों के लिए किया जाएगा। खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों का पंजीकरण कर उन्हें आवश्यक उपकरण और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल न जाने वाले बच्चों को भी खेलों से जोड़कर नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ओलंपिक-2036 की तैयारियों के लिए 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की पहचान कर विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिये। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर खिलाड़ियों का रिकॉर्ड तैयार करने के लिए पोर्टल विकसित करने को भी कहा।

बैठक में खेल विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में प्रत्येक क्षेत्र के 10 किलोमीटर दायरे में खेल स्टेडियम उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने खेल परिसरों में स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित खिलाड़ियों के चित्र लगाने के निर्देश भी दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित