बारां , मई 09 -- राजस्थान के ग्रामीण विकास, पंचायतीराज एवं जिला प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा है कि ग्राम रथ अभियान के जरिए सरकार गांवों तक पहुंचकर योजनाओं की जानकारी देने के साथ आमजन की समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से काम कर रही है।
श्री देवासी शनिवार को राज्य सरकार की ओर से जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में चलाये जा रहे ग्राम रथ अभियान के तहत तुलसां ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण और किसानों के लिए राज्य सरकार की और से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आमजन को इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अंता में तुलसां पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित ग्राम रथ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम रथ अभियान राज्य सरकार का आमजन के साथ जुडाव का सीधा माध्यम है जिससे 13 विभागों को भी जोड़ा गया है। रथ में शिकायत एवं सुझाव के लिए पेटिका भी लगायीगयी है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनों को लाभ पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने खेती एवं पशुपालन एवं शिक्षा के लिए बड़े करार किये हैं। किसानों को तारबंदी एवं पशुधन बीमा आदि योजनाओं से फायदा पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने बिजली तारों की चपेट में आने से एक बालिका एवं एक बुजुर्ग के पीड़ित हो जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को इस मामले को गंभीरता पूर्वक लेते हुए पीड़ितों को शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। अधिकारियों की मौके पर अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित