शिवपुरी , जून 17 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग अंतर्गत ग्राम गूदर में एक मकान में हुए विस्फोट के बाद लगी आग की घटना में चार वर्षीय बालिका की मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने देर रात बताया कि घटना में चार वर्षीय जाह्नवी प्रजापति की जलने से मृत्यु हो गई। जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जेसीबी मशीन से मलबा हटाने के दौरान जले हुए मकान के भीतर से बालिका का शव बरामद किया गया।

सूत्रों के अनुसार जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक यंगचेन डोलकर भूटिया ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। सभी घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। बताया गया कि पिछोर अनुविभाग के खनियाधाना विकासखंड स्थित ग्राम गूदर में आज एक मकान में धमाके के साथ अचानक आग लग गई, जिससे पूरा मकान ढह गया।

घायलों में प्राण सिंह प्रजापति (35), उनकी पत्नी रोशनी प्रजापति (30), परिवार के बुजुर्ग सदस्य फूल सिंह प्रजापति तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सभी को गंभीर अवस्था में ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित