जगदलपुर , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ के तीज-त्यौहारों के अवसर पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके लिए अतिरिक्त आय के अवसर सृजित करने की दिशा में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आड़ावाल जगदलपुर द्वारा 21 जुलाई से 26 जुलाई तक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी जानकारी बुधवार को प्रशासन ने दी ।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में सातों जिलों से आई स्व-सहायता समूह की 30 दीदियों को आकर्षक एवं पर्यावरण अनुकूल राखियां बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने धान, चावल, लालभाजी के बीज, कुकुम्बर (खीरा) के बीज, मयूर पंख, बांस तथा अन्य सजावटी सामग्री से सुंदर एवं कलात्मक राखियां तैयार करना सीखा। प्रशिक्षकों ने उन्हें डिजाइन चयन, रंग संयोजन, गुणवत्ता, पैकेजिंग और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने की बारीकियों से भी अवगत कराया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रतिभागी दीदियां अपने-अपने जिलों में लौटकर समूह की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर राखियां तैयार करेंगी। इससे एक ओर स्थानीय स्तर पर हस्तनिर्मित और प्राकृतिक सामग्री से बनी राखियों की उपलब्धता बढ़ेगी, वहीं महिलाओं को त्यौहारी सीजन में अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित