पटना , मई 26 -- ग्रामीण स्वच्छता के क्षेत्र में बिहार ने एक नया इतिहास रचते हुए "स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2025" में पूर्वी क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जारी रिपोर्ट में बिहार को पूर्वी भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया है । वहीं बिहार के भागलपुर जिले ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूर्वी क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ जिले का गौरव प्राप्त किया है ।
स्वच्छ सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय की सुलभता के स्थायित्व, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ग्रामीण स्वच्छता एवं स्वच्छता में ग्रामीणों की भागीदारी इत्यादि मानकों पर पूर्वी भारत के राज्यों में बिहार को सर्वेश्रेष्ठ आंका गया है । पूर्वी क्षेत्र के राज्यों में बिहार प्रथम, ओडिशा द्वितीय, झारखंड तृतीय तथा पश्चिम बंगाल चौथे स्थान पर रहा ।
यह उपलब्धि ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान द्वारा संचालित जनजागरूकता अभियान, अपशिष्ट प्रबंधन के लिए संचालित विविध योजनाओं के संचालन, जीविका दीदियों तथा ग्रामीण समुदाय की सक्रिय सहभागिता का परिणाम मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित