बारां , जुलाई 10 -- राजस्थान में बारां जिले की पंचायत समिति बारां की ग्राम पंचायत संबलपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में मुख्य अतिथि किशनगंज विधायक ललित मीणा एवं प्रधान मोरपाल सुमन ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिये।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि शिविर के दौरान प्रधान कोष से करीब 60 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मकानों के पट्टे वितरित करके उन्हें स्वामित्व का अधिकार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर विधायक ललित मीणा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है और गांवों में आधारभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।

प्रधान मोरपाल सुमन ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जनहित और ग्रामीण आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित