पटना , अप्रैल 30 -- िहार में ग्रामीण सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 21 हजार से अधिक स्थानों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव साइन लगाए गए हैं, जिससे रात और खराब मौसम में भी आवागमन सुगम हो रहा है। बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा वृहद स्तर पर कार्य किया जा रहा है।

सुदूर गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने के बाद अब इन मार्गों को दुर्घटनामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए रोड फर्नीचर और अन्य सुरक्षा मानकों का तेजी से अधिष्ठापन किया जा रहा है। इस दिशा में ग्रामीण पथों पर पैदल चलने वाले यात्रियों विशेषकर विद्यालय जाने वाले छोटे बच्चों, अस्पताल जाने वाले मरीजों और बुजुर्गों की सुरक्षा के मद्देनजर विभाग द्वारा बड़े पैमाने पर जेब्रा क्रॉसिंग, रेट्रो-रिफ्लेक्टिव साइन, किलोमीटर स्टोन और गांव के नाम वाले साइन बोर्ड लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण यातायात की तस्वीर पूरी तरह से बदल रही है।

उल्लेखनीय है कि ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा दुर्घटनाओं की आशंका को न्यूनतम करने एवं ग्रामीण मार्गों पर रात के समय और खराब मौसम में सुरक्षित ड्राइविंग सुनिश्चित करने के लिए कुल 24,859 स्थानों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव साइन लगाने की पहचान की गई थी, जिसको लेकर त्वरित गति से कार्य करते हुए 21,536 स्थानों पर अधिष्ठापन किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण पथों पर यात्रा को सुगम बनाने के लिए 23,515 ग्रामीण सड़कों पर गांव के नाम वाले साइन बोर्ड लगाए जा चुके हैं। साथ ही यात्रियों को दूरी और मार्ग की जानकारी उपलब्ध कराने के लिये राज्यभर की 26,250 ग्रामीण सड़कों पर किलोमीटर स्टोन और 200 मीटर स्टोन भी स्थापित किए जा चुके हैं।

तेजी से कार्य सुनिश्चित करने की दिशा में विभाग के रोड सेफ्टी सेल द्वारा सभी संबंधित इकाइयों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि रेट्रो-रिफ्लेक्टिव साइन का शेष कार्य 30 अप्रैल 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। साथ ही, साइन बोर्ड एवं किलोमीटर स्टोन से जुड़े शेष कार्यों को 31 मई 2026 तक शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ग्रामीण कार्य विभाग ग्रामीण सड़कों पर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। विभाग का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाते हुए गांव के समग्र विकास को नई गति प्रदान कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित