रांची , सितंबर 01 -- झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) एवं 'पलाश' के कार्यों की समीक्षा की।
मंत्री श्रीमती सिंह ने 'पलाश' को एक सशक्त एवं विश्वसनीय ब्रांड के रूप में स्थापित करने, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, मार्केटिंग एवं बाजार तक पहुंच को और मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
मंत्री श्रीमती सिंह ने का उद्देश्य है कि झारखंड की महिलाओं के हुनर और मेहनत को बाजार से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने कहा महिला स्वयं सहायता समूहों को केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि स्थायी उद्यम और आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत इकाई के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, जेएसएलपीएस के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) अनन्य मित्तल सहित जेएसएलपीएस के वरीय अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित