पटना , मई 26 -- बिहार में ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से ग्रामीण पथों पर दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्यभर के विद्यालयों, अस्पतालों, प्रखंड मुख्यालयों, बाजारों तथा महत्वपूर्ण जंक्शनों के समीप बड़े पैमाने पर जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण किया जा रहा है। राज्य में कुल 37,724 महत्वपूर्ण स्थलों को जेब्रा क्रॉसिंग निर्माण के लिए चिन्हित किया गया था। इनमें से अब तक 35,459 स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। इस प्रकार विभाग ने निर्धारित लक्ष्य का लगभग 94 प्रतिशत कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा कर ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित आवागमन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।इसके साथ ही निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी मॉनिटरिंग पर भी विशेष बल दिया गया है।
अब तक निर्मित 27,397 जेब्रा क्रॉसिंग स्थलों की जियो-टैग्ड तस्वीरें विभागीय एमआईएस पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी हैं।
ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष सड़क सुरक्षा अभियान राज्य के ग्रामीण जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। विशेष रूप से विद्यालयों एवं अस्पतालों के समीप जेब्रा क्रॉसिंग बनने से बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को सड़क पार करने में पहले की तुलना में अधिक सुरक्षा और सुविधा प्राप्त हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित