पटना , मई 24 -- बिहार के ग्रामीण विकास, सूचना एवं जन-संपर्क मंत्री सह जनता दल यूनाइटेड (जदयू )विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है, जहां 41 लाख से अधिक परिवारों ने अपना पक्का मकान बना लिया है। मंत्री श्रवण कुमार ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार के ग्रामीण राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में आवास विहीन परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आवास निर्माण का लक्ष्य लगभग पूरा होने की ओर है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत 2016-17 से अबतक 49 लाख 18 हजार 758 लक्ष्य के मुकाबले कुल 49 लाख 09 हजार 797 लाभुकों को आवास की स्वीकृति दी गई है। इनमें से 41 लाख 12 हजार 565 लाभुकों ने आवास निर्माण पूरा कर लिया है। इस अवधि में 48 लाख 57 हजार 308 लाभुकों को पहली किश्त, 45 लाख 97 हजार 397 लाभुकों को दूसरी किश्त एवं 42 लाख 05 हजार 864 लाभुकों को तीसरी किश्त की राशि दी जा चुकी है।

मंत्री ने बताया कि पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण में भी अच्छी प्रगति दर्ज की गई है। पहले चरण (2016-17 से 2021-22) में 37 लाख एक हजार 138 आवास निर्माण का लक्ष्य था, जिसके विरुद्ध 37 लाख 571 लाभुकों को स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें से 36 लाख 99 हजार 636 लाभुकों को प्रथम किश्त, 36 लाख 70 हजार 490 को दूसरी किश्त और 36 लाख 54 हजार 709 लाभुकों को तीसर किश्त का भुगतान किया जा चुका है। 36 लाख 62 हजार 143 लाभुकों ने आवास निर्माण पूर्ण कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित