पटना, जून 21 -- ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से पूर्वी बिहार में ग्रामीण आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं।विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सुदूर ग्रामीण बसावटों को बारहमासी पक्की सड़कों से जोड़ते हुए क्षेत्र में संपर्कता, आर्थिक गतिविधियों और जनसुविधाओं के विस्तार को नई गति प्रदान की गई है।

संपर्क-विहीन बसावटों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के अभियान के अंतर्गत पूर्वी बिहार के जिलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की गई हैं। इस दिशा में बांका जिले में 3,478 बसावटों को 3,355 किलोमीटर लंबी पक्की ग्रामीण सड़कों से जोड़ा गया है। वहीं जमुई जिले में 3,236 बसावटों को 3,213 किलोमीटर, भागलपुर जिले में 2,679 बसावटों को 2,309 किलोमीटर, खगड़िया जिले में 1,537 बसावटों को 1,289 किलोमीटर, मुंगेर में 1,237 बसावटों को 1,046 किलोमीटर, लखीसराय में 1,120 बसावटों को 843 किलोमीटर तथा शेखपुरा जिले में 704 बसावटों को 826 किलोमीटर लंबी पक्की सड़कों से जोड़ा जा चुका है। इन परियोजनाओं के परिणामस्वरूप ग्रामीण क्षेत्रों के बीच की भौगोलिक दूरी कम हुई है तथा आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हुआ है।

पूर्वी बिहार में सड़क निर्माण के इन प्रयासों का स्थानीय क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिल रहा है। एक तरफ जहाँ बेहतर सड़क संपर्कता से स्थानीय व्यापार, रोजगार और निवेश की संभावनाओं को प्रोत्साहन मिला है, वहीं दूसरी तरफ इन क्षेत्रों में समृद्धि के नए द्वार खुले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित