आगरमालवा , मई 16 -- मध्य प्रदेश के आगरमालवा में बच्चों में मानसिक क्षमता, स्मरण शक्तिओर ब्रेन एक्सेस कौशल के लिए पुलिस परिवार के पांच से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित किये गये 10 दिवसीय ब्राइटर माइंड प्रशिक्षण का शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में समापन हो गया।
इस दौरान बच्चों ने आंखों पर पट्टी बांधकर रंग पहचानने, पुस्तक पढ़ने, स्मरण शक्ति और ब्रेन एक्सरसाइज जैसे कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन के अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास को उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण उनकी एकाग्रता, निर्णय क्षमता और मानसिक दक्षता को मजबूत करते हैं।
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट ने कहा कि ब्राइटर माइंड जैसे नवाचारपूर्ण कार्यक्रम बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का एक बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि इससे बच्चों में आत्मबल, अनुशासन और रचनात्मक सोच का विकास होता है। श्री बोयट ने पुलिस परिवारों को इस प्रकार की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रोत्साहित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित