कोटा , जून 15 -- राजस्थान में कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र में अमरकुंआ में अतिक्रमण हटाने गये वन विभाग के दल पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार अपराह्न करीब चार बजे वन विभाग का दल अमर कुंआ क्षेत्र में पांच मकानों के अवैध निर्माण को रोकने एवं अतिक्रमण हटाने मौके पर पहुंचा। इस पर वहां मौजूद लोगों ने दल पर पथराव कर दिया। यहां से वनकर्मी बचकर थाने पर मामला दर्ज कराने पहुंचे तो सैकड़ों ग्रामीण उनके पीछे थाने पहुंच गए और उन्होंने थाने का घेराव करके पथराव शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की। वनकर्मियों से झड़प हुई। इस दौरान बीच बचाव की कोशिश करने वाले सहायक उप निरीक्षक सतीश चंद सहित चार पुलिसकर्मी और दो वनकर्मी घायल हो गए। यहां कांग्रेस नेता देवा भड़क (पूर्व उपाध्यक्ष, कृषि उपज मंडी कोटा) भी अपने कार्यकर्ताओं सहित ग्रामीणों के समर्थन में पहुंचे थे। पुलिस ने देवा भड़क सहित करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया। अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित