जशपुर , जून 11 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रायमुनी भगत ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का गुरुवार को विधिवत भूमि पूजन किया। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मांग पर स्वीकृत इन परियोजनाओं से कई गांवों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

श्री भगन ने मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत सदस्य शांति भगत की उपस्थिति में करोड़ों की सड़क परियोजनाओं का भूमि पूजन किया।

कार्यक्रम के दौरान गम्हरिया मुख्य मार्ग से जतराटोली ग्राम पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। लगभग 4.25 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण तीन करोड़ पांच लाख 26 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही आवागमन संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक भगत ने इस कार्य की स्वीकृति दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

इसके अलावा, झालटोली मुख्य मार्ग से घटगांव बस्ती पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 92 लाख रुपये की लागत से 1.30 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, बगडोलिया से प्यारेटोली बस्ती पहुंच मार्ग के लिए लगभग तीन करोड़ 16 लाख 20 हजार रुपये की लागत से चार किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा।

इस अवसर पर श्री भगत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक लोगों की पहुंच आसान होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित