देहरादून , जून 24 -- उत्तराखंड के ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 15 देशों के 84 विदेशी छात्र-छात्राओं को स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा उपाधियां प्रदान की गयीं।

समारोह में जिम्बाब्वे दूतावास के उप प्रमुख पीटर होबवानी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने शिक्षा को अवसरों के सृजन और वैश्विक सहयोग का माध्यम बताया। लेसोथो उच्चायोग के चार्ज डी अफेयर्स मेत्सिंग एडियल लेम्फाने तथा युगांडा उच्चायोग के शिक्षा सलाहकार बेकर नांतुवुंडा बालुन्यवा ने भी छात्रों को संबोधित किया।

विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि समाज और मानवता के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी है।

विश्वविद्यालय के अनुसार उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र दक्षिण सूडान, नाइजीरिया, दक्षिण अफ्रीका, घाना, लाइबेरिया, तंजानिया, युगांडा, म्यांमार, नेपाल और जिम्बाब्वे सहित 15 देशों से संबंधित हैं। इनमें एमबीए, एमटेक, बीटेक, एमएससी, बीएससी, बीसीए, बीकॉम, बीए और होटल मैनेजमेंट समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी शामिल हैं।

समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित