देहरादून , जून 04 -- उत्तराखंड के देहरादून स्थित ग्राफिक एरा डीम्ड विश्वविद्यालय में छात्रों को फिनटेक, फाइनेंशियल एनालिटिक्स और बिजनेस इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। इसके लिए दो नए शैक्षणिक कार्यक्रम बीबीए (फिनटेक) एवं बी. कॉम. (ऑनर्स) फाइनेंशियल एनालिटिक्स एंड बिजनेस इंटेलिजेंस शुरू होने जा रहे हैं।

गुरुवार को ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी और अर्न्स्ट एंड यंग (ईवाई) कंपनी के बीच छात्र छात्राओं को भविष्य की वित्तीय एवं व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करने और उन्हें आधुनिक वित्तीय तकनीकों से परिचित कराने के लिए समझौता ज्ञापन हुआ। इस एमओयू के तहत ईवाई के सहयोग से ग्राफिक एरा में बीबीए (फिनटेक) एवं बी. कॉम. (ऑनर्स) फाइनेंशियल एनालिटिक्स एंड बिजनेस इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम शुरू होने जा रहे हैं। जिससे छात्र छात्राओं को फिनटेक, फाइनेंशियल एनालिटिक्स, बिजनेस इंटेलिजेंस और उभरती वित्तीय तकनीकों का उद्योग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उन्हें लाइव प्रोजेक्ट्स, केस स्टडी और व्यावहारिक शिक्षण के माध्यम से आधुनिक व्यावसायिक कौशल एवं उद्योग संबंधी विशेषज्ञता विकसित करने का अवसर मिलेगा।

एमओयू पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की ओर से कुलसचिव डाॅ. नरेश कुमार शर्मा और ईवाई कंपनी की ओर से कंपनी के निदेशक आनंद अखौरी ने हस्ताक्षर किए।

इस मौके पर ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रो वीसी डा. संतोष एस सर्राफ, बिज़नेस मैनेजमेंट डिपार्टमेंट के हेड डा. एन एस बोहरा, ईवाई कंपनी की सीनियर मैनेजर नेहा चावला टुटेजा, असिस्टेंट मैनेजर विकास खोसला के साथ डाॅ. मनु शर्मा, सीए प्रीति शर्मा, हिमानी उप्रेती और रिया शर्मा मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित