देहरादून , मई 12 -- उत्तराखंड के देहरादून स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल ने उन्नत हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम की है। अस्पताल के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग ने एक हजार से अधिक लोगों के हार्ट की सफल सर्जरी पूरी कर यह उपलब्धि हासिल की है।
अस्पताल के मेडिकल निदेशक डॉ. पुनीत त्यागी ने मंगलवार को बताया कि अस्पताल के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग ने अब तक कुल 1004 सफल सर्जरी कर जटिल हृदय रोगों के उपचार में अपनी उत्कृष्ट विशेषज्ञता और उच्च सफलता दर का परिचय दिया है। इनमें 321 बाईपास सर्जरी, 177 वाल्व सर्जरी, 136 सरल जन्मजात सर्जरी, 87 जटिल जन्मजात सर्जरी, 19 एओर्टिक सर्जरी और 264 वैस्कुलर, थोरेसिक एवं अन्य महत्वपूर्ण सर्जरी शामिल हैं।
सीटीवीएस विभाग की टीम में कार्डियक साइंसेज़ के निदेशक डॉ. अखिलेश पांडे, कार्डियक एनेस्थीसिया के हेड डॉ. सत्य प्रकाश गौतम, एनेस्थीसिया के हेड डॉ. पराग कुमार के साथ डॉ. पुलकित मल्होत्रा, डॉ. अनुराधा, डॉ. निशी और थाइन डैवी, ध्यानी रॉय, विनय कुमार, नरेंद्र सिंह, शोभा, रणप्रीत एवं एंड्रयू पॉल शामिल हैं।
डॉ. त्यागी ने कहा कि अस्पताल में मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जरी (एमआईसीएस) जैसी अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से वयस्कों, बच्चों और नवजात शिशुओं का सफल उपचार किया जा रहा है। विभाग ने मात्र दो दिन के 1.9 किलोग्राम वजन वाले नवजात शिशु का सफल ऑपरेशन कर जटिल हृदय सर्जरी के क्षेत्र में अपनी उच्च स्तरीय विशेषज्ञता, आधुनिक तकनीकी क्षमता और उत्कृष्ट चिकित्सकीय दक्षता का परिचय दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित