करनाल/ चंडीगढ़ , मई 02 -- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रदेश में पिछले11 वर्षों में विकास कार्यों के साथ-साथ समाज में जागरूकता भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ अब लोग घर बैठे ऑनलाइन ले पा रहे हैं।
वह करनाल के घरौंडा में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा बिछायी गयी नयी पेयजल पाइपलाइन और छह नलकूपों के उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस परियोजना पर करीब 3.37 करोड़ रुपये खर्च किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि शहर की अप्रूव्ड कॉलोनियों में 7.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है, जिन पर जल्द काम शुरू होगा। पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आठ किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछायी गयी है, जबकि डिफेंस कॉलोनी, फिश मार्केट, विग कॉलोनी, पुराने गर्ल्स स्कूल क्षेत्र, जैल सिंह कॉलोनी और एसटीपी के पास नये ट्यूबवेल लगाये गये हैं। इससे गर्मियों में पानी की समस्या नहीं होगी।
श्री कल्याण ने कहा कि पारदर्शिता के कारण योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। नियमों में बदलाव से कई अवैध कॉलोनियां वैध हुई हैं और उनमें बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध करायी गयी हैं। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी के उपयोग से सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित