चंडीगढ़ , मई 09 -- हरियाणा सरकार 11 मई को पूरे प्रदेश में 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-टूट आस्था के 1000 वर्ष' कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह आयोजन सनातन संस्कृति, आस्था और भारत की गौरवशाली सभ्यतागत विरासत को समर्पित होगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।
विभिन्न जिलों में केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री, सांसद और वरिष्ठ नेता कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
सरकार के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपराओं और सोमनाथ मंदिर के इतिहास से जोड़ना है। इसे भारत की अटूट आस्था और आत्मसम्मान का प्रतीक बताया गया है।
इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के मंत्रिमंडल के मंत्री अलग-अलग जगह पर कार्यक्रम में भाग लेंगे जैसे ऊर्जा मंत्री अनिल विज अंबाला, कृष्ण लाल पंवार सोनीपत, राव नरबीर सिंह गुरुग्राम, महिपाल ढांडा पानीपत, विपुल गोयल पंचकूला, डॉ. अरविंद शर्मा रोहतक, श्याम सिंह राणा यमुनानगर, रणबीर गंगवा सिरसा, कृष्ण कुमार बेदी हिसार, श्रुति चौधरी भिवानी, आरती सिंह राव महेंद्रगढ़ और गौरव गौतम पलवल में मुख्य अतिथि होंगे।
इसके अलावा सांसद धर्मबीर सिंह चरखी दादरी, नवीन जिंदल कैथल, सुभाष बराला हांसी, संजय भाटिया झज्जर, कार्तिकेय शर्मा फतेहाबाद और रेखा शर्मा रेवाड़ी में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित