कौशांबी , मई 23 -- ज्योतिष पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज शनिवार को गौ रक्षार्थ संदेश यात्रा लेकर कौशांबी पहुंचे। यात्रा के जिले में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

शंकराचार्य की यात्रा जैसे ही शहजादपुर स्थित दुर्गा भाभी सेतु पहुंची, वहां बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने फूल-मालाएं अर्पित कर उनका जोरदार अभिनंदन किया। इसके बाद यात्रा शक्तिपीठ शीतला देवी धाम कड़ा पहुंची, जहां शंकराचार्य ने देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और समाज के कल्याण की प्रार्थना की।

इसके उपरांत गौ रक्षार्थ यात्रा सिराथू, मंझनपुर होते हुए मूरतगंज क्षेत्र के बजहा गांव पहुंची, जहां शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज रात्रि विश्राम करेंगे। यात्रा के दौरान शंकराचार्य ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने और देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा इसके संरक्षण के लिए समाज और सरकार दोनों को गंभीरता से प्रयास करने की आवश्यकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित