अलवर , जनवरी 19 -- राजस्थान में अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में गौ रक्षकों द्वारा पीछा करने पर गौ तस्करों ने चलती गाड़ी से गायों को फेंकने का मामला सामने आया है।
सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गौ तस्कर पिकअप में गौवंश लेकर जा रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर गौ रक्षकों ने उनका पीछा किया, लेकिन गौ तस्कर पिकअप को भगाते रहे। गौरक्षकों की गाड़ी पीछे पीछे दौड़ती रही । उसके बाद गौ रक्षकों की गाड़ी देखकर गौ तस्करों ने चलती पिकअप से गौवंश को सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इस पर गौरक्षकों ने बहुतूकला क्षेत्र में सड़क पर कांटा डाला । इससे पिकअप का टायर पंचर हो गया । उसके बाद भी पंचर पिकअप को गौ तस्करों ने दौड़ाया, लेकिन आगे जाकर लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के जंगल में पिकअप छोड़कर गौ तस्कर फरार हो गए ।
सूत्रों ने बताया कि उसके बाद मौके पर लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस पहुंची और घटना का जायजा लिया। पिकअप को पुलिस थाने पर ले गई। गायों को गौरक्षक गौशाला ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित