भिवानी , अक्टूबर 11 -- हरियाणा के भिवानी में श्राद्ध पक्ष की अमावस्या पर गौ ग्रास के रूप में जरूरत से ज्यादा भोजन खिलाना गोवंश के लिए जानलेवा साबित होने का मामला सामने आया है। भिवानी में अब तक 15 गायों की मौत की सूचना है, जबकि 37 अन्य गायों का महम गेट स्थित गौशाला में उपचार चल रहा है।
घटना से आक्रोशित गौ रक्षा दल ने प्रधान संजय परमार के नेतृत्व में मृत गायों को लेकर विधायक आवास पर धरना दिया और सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
जानकारी के अनुसार 10 गायों की मौत के अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर पांच अन्य गायों की मौत हुई। बताया गया कि गौ रक्षा दल के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने उन्हें दफना दिया था। आरोप है कि रोटी, खीर, पूरी, हलवा और अन्य तली हुई खाद्य सामग्री अधिक मात्रा में खिलाने से गायों की तबीयत बिगड़ी।
श्री संजय परमार ने कहा कि लोग गौ सेवा के उद्देश्य से गौ ग्रास खिलाते हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में जरूरत से ज्यादा भोजन बेजुबान पशुओं के लिए जानलेवा बन सकता है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष ऐसी घटनाएं सामने आने के बावजूद लोगों को जागरूक करने और गोवंश की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रभावी व्यवस्था नहीं दिखाई देती।
गौरक्षकों ने मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए और प्रशासन ठोस कदम उठाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर उचित जवाब और समाधान का आश्वासन मिलने तक धरना जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित