श्रीगंगानगर , जुलाई 22 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को तड़के अज्ञात चोर गौशाला में घुस गये और चार गायों को चुराकर ले गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गौशाला में तैनात चौकीदार को इस घटना का पता ही नहीं चला। सुबह जब चार गायें कम मिलीं, तो हड़कंप मचा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गयी। पुलिस के अनुसार गौशाला से करीब एक मुरब्बा दूर एक मोटरसाइकिल संदिग्ध हालत में मिली है। आशंका है कि यह मोटरसाइकिल चोरों की है।

गौशाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भैराराम जाट ने रज्जाक और उसके एक अज्ञात साथी के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कराया है।

घटना की जांच कर रहे जांच अधिकारी केसरसिंह ने बताया कि गौशाला से चोरी की गयी चार में से तीन गायों को बरामद कर लिया गया है। एक गाय अब तक नहीं मिली है। मुख्य आरोपी रज्जाक के घर एवं अन्य ठिकानों पर दबिश दी गयी लेकिन, वह हाथ हाथ नहीं आया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित